उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और बिजली संकट को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने प्रदेश की विद्युत व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला, जिसके जवाब में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री A. K. Sharma ने आंकड़ों के साथ सपा सरकार के कार्यकाल को घेरते हुए करारा पलटवार किया।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि प्रदेश में चल रहे “असहनीय बिजली संकट” के लिए जनता बिजली विभाग के कनिष्ठ कर्मचारियों और लाइनमैन पर अपना गुस्सा न निकाले। उन्होंने कहा कि हजारों संविदा कर्मचारियों की छंटनी के बाद बिजलीकर्मी पहले से ही भारी दबाव में काम कर रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पैदा हुई “महा विद्युत आपदा” के लिए भाजपा सरकार, बिजली मंत्री, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और भ्रष्ट ठेकेदार जिम्मेदार हैं।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि बिजली कटौती से अस्पतालों तक में परेशानी का माहौल है और महंगे डीजल के कारण जनरेटर भी बंद पड़े हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि गर्मी के इस दौर में बुजुर्गों, बीमारों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें, पानी स्टोर करके रखें और बिजली आने पर मोबाइल चार्ज कर लें। साथ ही अंधेरे का फायदा उठाने वाले असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने की भी सलाह दी।
वहीं अखिलेश यादव के बयान पर ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने तीखा जवाब देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल की तुलना में भाजपा सरकार ने बिजली व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार किए हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय प्रदेश की औसत पीक बिजली मांग करीब 13 हजार मेगावाट थी, जबकि पिछले चार वर्षों में यह बढ़कर 30 हजार मेगावाट तक पहुंच चुकी है।
ऊर्जा मंत्री ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश देश में सबसे ज्यादा पीक विद्युत आपूर्ति करने वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि 2017 में प्रदेश में जहां करीब 1.80 करोड़ उपभोक्ता थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 3.70 करोड़ हो गई है। इसके अलावा लाखों किलोमीटर जर्जर तार बदले गए, लाखों खंभे बदले गए और बड़े स्तर पर ग्रामीण व शहरी विद्युतीकरण का काम किया गया।
ए.के. शर्मा ने बताया कि मेजा और मिर्जापुर में नई तापीय ऊर्जा परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिससे आने वाले समय में बिजली उत्पादन क्षमता और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग अचानक बढ़ी है, लेकिन सभी बिजलीकर्मी लगातार व्यवस्था संभालने में जुटे हैं। ऊर्जा मंत्री ने सपा पर तंज कसते हुए कहा, “रही बात बबूल की, तो वो आपने लगाए हैं, हम उन्हें समूल नष्ट कर रहे हैं।”






