बाराबंकी जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि बिजली न होने के कारण परिवार घर के बाहर सो रहा था, तभी तेज रफ्तार डंपर काल बनकर पहुंचा और परिवार को कुचल दिया।
हादसे में 35 वर्षीय नीरज, उनके 13 वर्षीय बेटे अनुराग, 6 वर्षीय बेटे आंशू और 10 वर्षीय बेटी अंशिका की मौत हो गई। वहीं नीरज की पत्नी 35 वर्षीय आरती गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार डंपर पहले अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और फिर घर के बाहर सो रहे परिवार पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि नीरज और अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आंशू और अंशिका ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक नीरज किराए पर मैजिक वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। भीषण गर्मी और बिजली कटौती के चलते पूरा परिवार घर के बाहर सो रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।






