Aamir Khan की फिल्में अक्सर सामाजिक मुद्दों को लेकर चर्चा में रही हैं, लेकिन इस बार उनकी एक पुरानी फिल्म का गाना सोशल मीडिया पर नया विवाद खड़ा कर गया। आमिर खान प्रोडक्शंस ने अपनी चर्चित फिल्म Peepli Live के मशहूर गाने ‘महंगाई डायन खाए जात है’ से जुड़ा एक पोस्ट शेयर किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। बढ़ते विवाद और आलोचनाओं के बीच प्रोडक्शन हाउस को आखिरकार यह पोस्ट हटाना पड़ा।
दरअसल, आमिर खान प्रोडक्शंस ने 23 मई 2026 को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फिल्म ‘पीपली लाइव’ के लोकप्रिय गाने ‘महंगाई डायन’ का एक वीडियो क्लिप साझा किया था। इस पोस्ट के जरिए प्रोडक्शन हाउस ने पुराने गाने को याद करते हुए मौजूदा आर्थिक हालात और बढ़ती महंगाई की ओर इशारा करने की कोशिश की थी।
पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया था, “उम्मीद है कि महंगाई डायन आखिरकार हमारा पीछा छोड़ देगी।” पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कुछ यूजर्स ने इसे वर्तमान महंगाई और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से जोड़ दिया, जबकि कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक व्यंग्य के तौर पर देखा।
Also Read- भयानक एक्सीडेंट के बाद टूट गई थीं महिमा चौधरी, मुश्किल वक्त में अजय देवगन बने सहारा
इस वीडियो में फिल्म का वही चर्चित हिस्सा शामिल था, जिसमें “हर महीना उछले पेट्रोल” जैसी लाइनें सुनाई देती हैं। लगभग 16 साल पहले रिलीज हुई यह फिल्म ग्रामीण संकट, मीडिया की भूमिका, राजनीति और महंगाई जैसे मुद्दों पर तीखा व्यंग्य करने के लिए काफी सराही गई थी। उस समय यह गाना आम लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ था और लंबे समय तक चर्चा में रहा।
हालांकि इस बार सोशल मीडिया का माहौल अलग नजर आया। पोस्ट वायरल होते ही कई यूजर्स ने आमिर खान और उनके प्रोडक्शन हाउस को निशाने पर लेना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने कहा कि फिल्म का यह गाना आज भी उतना ही प्रासंगिक लगता है, जबकि कई यूजर्स ने इसे मौजूदा राजनीतिक हालात से जोड़कर तीखी टिप्पणियां कीं।
एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “खान और वो भी देश के असली मुद्दों पर बात कर रहे हैं? अब बॉयकॉट और जांच एजेंसियों की कार्रवाई के लिए तैयार रहिए।” वहीं कुछ लोगों ने पोस्ट की तारीफ करते हुए कहा कि सिनेमा समाज का आईना होता है और पुराने गाने आज भी मौजूदा हालात को बयां कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ती बहस और विवाद को देखते हुए आमिर खान प्रोडक्शंस ने कुछ ही समय बाद यह पोस्ट डिलीट कर दिया। हालांकि तब तक पोस्ट के स्क्रीनशॉट और वीडियो क्लिप इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो चुके थे।
फिल्म ‘पीपली लाइव’ साल 2010 में रिलीज हुई थी और इसे भारतीय सिनेमा की सबसे अलग और व्यंग्यात्मक फिल्मों में गिना जाता है। फिल्म में किसानों की आत्महत्या, मीडिया ट्रायल और राजनीति को बेहद अलग अंदाज में दिखाया गया था। ‘महंगाई डायन’ गाना भी उसी फिल्म का हिस्सा था, जिसने उस दौर में महंगाई पर लोगों की नाराजगी को आवाज दी थी।
अब एक बार फिर इस गाने के सोशल मीडिया पर लौटने के बाद यह साफ हो गया है कि पुराने फिल्मी गाने और संवाद आज भी राजनीतिक और सामाजिक बहस का हिस्सा बन सकते हैं।






