मऊ विधायक अब्बास अंसारी के मोहम्मदाबाद स्थित पैतृक आवास फाटक पहुंचने के बाद गाजीपुर पुलिस ने उन्हें नोटिस थमा दिया है। देर रात लगभग 11 से 12 बजे के बीच उनके मोहम्मदाबाद फाटक पहुंचने की सूचना पर क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद ने मौके पर पहुंचकर नोटिस सर्व किया।
जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से अब्बास अंसारी के मऊ से अपने पैतृक आवास फाटक पर आकर रुकने और लगातार रात्रि विश्राम करने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने उनसे यहां निवास करने संबंधी आदेश या अनुमति पत्र दिखाने को कहा है।
बताया जा रहा है कि चित्रकूट में दर्ज गैंगस्टर मामले में सुप्रीम कोर्ट से उन्हें तीन दिन की राहत मिली थी, जिसके तहत वह गाजीपुर में प्रवास कर सकते हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पहले उन्होंने 13 मई को आने की सूचना दी थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद गोपनीय सूचना के आधार पर उनके फाटक स्थित आवास पर रहने की जानकारी मिली।
क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद द्वारा दिए गए नोटिस में कहा गया है कि यदि उनके पास यहां निवास करने से संबंधित कोई वैध आदेश है तो उसे पुलिस के समक्ष प्रस्तुत करें, अन्यथा उन्हें यह स्थान छोड़ना होगा। पुलिस ने उन्हें जवाब देने के लिए एक दिन का समय दिया है। सूत्रों के मुताबिक, नोटिस सर्व किए जाने के दौरान अब्बास अंसारी ने कोई आदेश पुलिस को नहीं दिखाया।






