Home Accident उन्नाव में बड़ा सड़क हादसा डबल डेकर एसी बस पलटी 7 की...

उन्नाव में बड़ा सड़क हादसा डबल डेकर एसी बस पलटी 7 की मौत

47
0

उन्नाव। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर एसी बस औरास थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दरोगा और कैदी समेत 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 पुलिसकर्मियों सहित 15 यात्री घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा सुबह करीब 5 बजे एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 262 के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक का नियंत्रण बस से हट गया और बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि बस रेलिंग पर लटक गई और कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे। एक यात्री का पैर कटकर अलग हो गया। मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को पेशी के लिए गुरुग्राम कोर्ट लेकर गई थी और वापस बिहार लौट रही थी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।