उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का कहर लगातार जारी है, दिनभर झुलसाने वाली धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है, राजधानी लखनऊ से लेकर आगरा, वाराणसी समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है, मौसम विभाग के अनुसार आज 26 मई को भी प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और कई इलाकों में तेज धूल भरी आंधी चल सकती है।
कई जिलों में लू और गर्म रातों का अलर्ट
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज में भीषण से अत्यधिक भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है वहीं झांसी, हमीरपुर, आगरा और वाराणसी समेत कई जिलों में रात के समय भी गर्मी बनी हुई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, राजधानी लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद में भी लू का असर बेहद तेज बना हुआ है, इसके अलावा मेरठ, अयोध्या और गोरखपुर मंडल में भी चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है।
28 मई से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा, इसके चलते प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश होने की संभावना है, इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, कई इलाकों में मेघ गर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है, मौसम में बदलाव के बाद भीषण गर्मी और लू से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
31 मई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 मई तक प्रदेश में बारिश और बिजली गिरने की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, अगले 48 घंटों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, बारिश और तेज हवाओं की वजह से लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहावना होने की संभावना है।






