Home Political news रोजगार देने का दावा करने वाली सरकार ने दी पेपर लीक की...

रोजगार देने का दावा करने वाली सरकार ने दी पेपर लीक की व्यवस्था- वंशराज दुबे

20
0

NEET परीक्षा विवाद के बाद अब SSC GD परीक्षा में सामने आए पेपर लीक और अव्यवस्थाओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही धांधली ने यह साबित कर दिया है कि देश और प्रदेश की परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

वंशराज दुबे ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों में SSC GD परीक्षा से जुड़े कई गंभीर मामले सामने आए हैं। ग्रेटर नोएडा और रांची समेत कई जगहों पर ऐसे गिरोह पकड़े गए हैं जो अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लेकर परीक्षा पास कराने का दावा कर रहे थे। जांच एजेंसियों को नकदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और परीक्षा संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा विवाद के बाद SSC GD परीक्षा पर उठे सवाल युवाओं के भरोसे को और कमजोर करने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। ऐसे हालात में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्र लंबी दूरी तय कर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर परीक्षा रद्द होने, अव्यवस्था और धांधली जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा।

वंशराज दुबे ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं को मजाक बना दिया गया है। कहीं पेपर लीक हो जाता है, कहीं सर्वर फेलियर तो कहीं सेंटर मिसमैनेजमेंट छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई परीक्षा केंद्रों पर क्षमता से अधिक अभ्यर्थियों को बुलाया गया, जबकि व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं थीं।

उन्होंने कहा कि लखनऊ, प्रयागराज समेत कई जिलों में परीक्षा रद्द होने और कुप्रबंधन की घटनाओं ने छात्रों का धैर्य तोड़ दिया है। हर बार सरकारी व्यवस्था की गलती का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ता है।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए वंशराज दुबे ने कहा कि सत्ता में आने से पहले हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन आज युवाओं को रोजगार की जगह बेरोजगारी, पेपर लीक, परीक्षा रद्दीकरण और सर्वर फेलियर की व्यवस्था मिली है। आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि SSC GD परीक्षा में हुई धांधली और कुप्रबंधन की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए। साथ ही परीक्षा से प्रभावित छात्रों को आने-जाने का किराया और उचित मुआवजा दिया जाए। पार्टी ने प्रदेश में पारदर्शी और मजबूत परीक्षा प्रणाली लागू करने की भी मांग की है। वंशराज दुबे ने कहा कि आम आदमी पार्टी युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ती रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here