Home Breaking News मऊ में विधायक अब्बास अंसारी की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही, तैनात पुलिसकर्मी...

मऊ में विधायक अब्बास अंसारी की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही, तैनात पुलिसकर्मी निलंबित

34
0

मऊ जिले के सदर विधायक और दिवंगत माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं, हाल ही में उनके विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण को लेकर विवाद खड़ा हुआ था, वहीं अब उनकी सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है, इसी क्रम में विधायक की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी को लापरवाही और विभागीय अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

प्रशासन पहले से था सतर्क

जानकारी के मुताबिक, सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी के मऊ आगमन और क्षेत्र भ्रमण को लेकर प्रशासन पहले से सतर्क था, पुलिस का कहना है कि विधायक जब भी जनपद में प्रवेश करें या भ्रमण करें, इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को देना आवश्यक होता है। लेकिन निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए, बताया जा रहा है कि इस मामले से संबंधित रिपोर्ट न्यायालय को भी भेजी गई है और विधायक के भ्रमण से जुड़े नियमों को लेकर विधिक राय भी मांगी गई है।

सुरक्षा में तैनात गनर निलंबित

इसी बीच पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने विधायक की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी उपेंद्र कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि विधायक की सुरक्षा के लिए एक गनर की तैनाती की गई थी, लेकिन जांच में सामने आया कि संबंधित पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान बिना अनुमति दूसरे जनपद चला गया था और उसने इसकी जानकारी विभाग को भी नहीं दी।

Also Read – सम्राट चौधरी: बिहार की राजनीति में उभरा बीजेपी का नया चेहरा

विभागीय अनुशासनहीनता माना गया मामला

एएसपी अनूप कुमार के अनुसार, सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात जवान का बिना अनुमति ड्यूटी छोड़ना गंभीर लापरवाही और विभागीय अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है, उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है, साथ ही विधायक की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए दूसरे गनर की तैनाती भी कर दी गई है।

लगातार विवादों में हैं अब्बास अंसारी

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से अब्बास अंसारी लगातार चर्चाओं और विवादों में बने हुए हैं। हाल ही में गाजीपुर पुलिस की टीम उनके पैतृक आवास तक पहुंची थी, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई थी, अब सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी पर हुई कार्रवाई ने एक बार फिर इस मामले को सुर्खियों में ला दिया है, फिलहाल पुलिस विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।