उत्तर प्रदेश की राजधानी Lucknow में बुधवार दोपहर हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया। पीजीआई थाना क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर की उसके ऑफिस के बाहर बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश इतने बेखौफ थे कि वारदात को अंजाम देने के बाद आराम से बाइक पर बैठकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद पुलिस अब मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, घटना पीजीआई इलाके के कल्ली पश्चिम क्षेत्र की है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह अपनी कार से ऑफिस पहुंचे थे। वह मोबाइल फोन पर बात करते हुए ऑफिस की ओर बढ़ रहे थे, तभी बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। इससे पहले कि संदीप कुछ समझ पाते, एक हमलावर तेजी से उनके करीब आया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि पहली गोली लगते ही संदीप सिंह सड़क पर गिर पड़े, लेकिन हमलावर यहीं नहीं रुका। उसने लगातार कई राउंड फायर किए और आखिर में बेहद करीब से सिर के पास गोली मारकर मौके से फरार हो गया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
Also Read- Hamirpur में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से तीन मासूम दोस्तों की मौत, पूरे गांव में मातम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। एक आरोपी बाइक स्टार्ट कर मौके पर पहले से तैयार खड़ा था, जबकि दूसरा शूटर चेहरे पर सफेद गमछा बांधे हुए था। फायरिंग के तुरंत बाद दोनों आरोपी अपाचे बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
घायल संदीप सिंह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि 42 वर्षीय संदीप सिंह मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले थे और पिछले कई वर्षों से लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबार कर रहे थे। मोहनलालगंज और कानपुर रोड इलाके में उनके कई बड़े प्रोजेक्ट चल रहे थे।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि हमलावर पिछले करीब 15 दिनों से संदीप सिंह की रेकी कर रहे थे। उन्हें संदीप के रोजाना ऑफिस आने-जाने के समय और गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। इसी वजह से पुलिस अब किसी करीबी व्यक्ति की संलिप्तता या मुखबिरी की आशंका को भी गंभीरता से जांच रही है।
परिजनों ने पुलिस को कुछ पुराने प्रॉपर्टी विवादों की जानकारी भी दी है। बताया जा रहा है कि अमौसी एयरपोर्ट के पास चल रहे एक बड़े प्रोजेक्ट को लेकर विवाद चल रहा था। ऐसे में पुलिस सुपारी किलिंग, कारोबारी रंजिश और जमीन विवाद—तीनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस वारदात के बाद राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि दिनदहाड़े इस तरह की हत्या ने लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।






