Home Uttar Pradesh लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे जून में हो सकता है शुरू, 45 मिनट में पूरा...

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे जून में हो सकता है शुरू, 45 मिनट में पूरा होगा सफर

47
0

उत्तर प्रदेश तेजी से देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे नेटवर्क वाला राज्य बनता जा रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के बाद अब प्रदेश को एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। लखनऊ और कानपुर के बीच बन रहा हाईस्पीड एक्सप्रेसवे अब लगभग तैयार है और इसे जून के पहले हफ्ते में जनता को समर्पित किया जा सकता है। इस परियोजना के शुरू होने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा पहले से कहीं ज्यादा तेज, आसान और जाममुक्त हो जाएगी।

करीब 63 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे को नेशनल एक्सप्रेसवे-6 के नाम से विकसित किया गया है। यह परियोजना लगभग 3,700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई है। एक्सप्रेसवे को इस तरह डिजाइन किया गया है कि वाहन यहां 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकें। इससे लखनऊ से कानपुर तक का सफर, जो अभी ट्रैफिक और जाम के कारण दो से तीन घंटे तक का समय लेता है, अब महज 40 से 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

Also Read- योगी सरकार के विजन को गति देंगे टाटा टेक्नोलॉजीज और डेलॉयट

यह एक्सप्रेसवे लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के मीरनपुर पिनवत गांव से शुरू होकर उन्नाव के अता गांव तक जाएगा। इसके बाद कानपुर शहर में प्रवेश करने के लिए वाहन चालकों को जाजमऊ गंगा पुल तक करीब साढ़े पांच किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय करना होगा। हालांकि इसके बावजूद यात्रा का कुल समय काफी कम हो जाएगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

जानकारी के मुताबिक इस एक्सप्रेसवे पर कार चालकों को लगभग 275 रुपये टोल देना पड़ सकता है। हालांकि बदले में यात्रियों को हाईस्पीड, सुरक्षित और बिना रुकावट वाला सफर मिलेगा। खास तौर पर रोजाना लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा करने वाले लोगों, व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर के लिए यह एक्सप्रेसवे बेहद फायदेमंद साबित होने वाला है।

सरकार का मानना है कि इस परियोजना से सिर्फ यात्रा आसान नहीं होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। एक्सप्रेसवे के दोनों किनारों पर नए औद्योगिक कॉरिडोर, लॉजिस्टिक पार्क और व्यापारिक गतिविधियों के बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

उत्तर प्रदेश में इस समय तेजी से एक्सप्रेसवे नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश में अब तक करीब 2121 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे नेटवर्क तैयार हो चुका है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद यह आंकड़ा लगभग 2200 किलोमीटर तक पहुंच जाएगा। इसके साथ ही यूपी देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे हब बनने की दिशा में और मजबूत कदम बढ़ाएगा।

प्रदेश के 38 जिले पहले ही हाईस्पीड एक्सप्रेसवे नेटवर्क से सीधे जुड़ चुके हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट्स ने यूपी की कनेक्टिविटी और विकास को नई रफ्तार दी है। अब लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे इस श्रृंखला की नई कड़ी बनने जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री Narendra Modi जल्द ही इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर सकते हैं। माना जा रहा है कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की नई पहचान बनेगी और राज्य की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी।