Home Breaking News निर्माणाधीन बेतवा पुल गिरने पर कंपनी मालिक समेत 3 पर FIR, जांच...

निर्माणाधीन बेतवा पुल गिरने पर कंपनी मालिक समेत 3 पर FIR, जांच तेज

44
0

हमीरपुर। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल के गिरने से छह लोगों की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर दिलीप कुमार की तहरीर पर कार्यदायी संस्था द शेल्टर कंपनी, उसके संचालक विजय प्रताप सिंह और सुपरवाइजर नितीश सचान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125(1) और 106(1) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि लालपुरा थाना क्षेत्र के मोराकांदर-परसनी गांव के पास बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का पिलर और स्लैब गुरुवार देर रात अचानक भरभराकर गिर गया था। हादसे में मलबे के नीचे दबकर छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में चार श्रमिक और दो सुरक्षा गार्ड शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मौसम विभाग की तेज आंधी की चेतावनी के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया था। आरोप है कि कम रोशनी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए मजदूरों से काम कराया जा रहा था। हादसे के बाद मौसम को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश हुई, लेकिन जांच में ठेकेदार और निर्माण एजेंसी की लापरवाही के आरोप सामने आए हैं।

इस मामले में उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने भी कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता जी.के. चौधरी को निलंबित कर दिया है। वहीं उप परियोजना प्रबंधक दिलीप Kumar के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। सेतु निगम के प्रबंध निदेशक धर्मवीर सिंह ने हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।