Home Uttar Pradesh Lucknow लखनऊ को मिला नया गौरव, राष्ट्र को समर्पित ‘नौसेना शौर्य वाटिका’

लखनऊ को मिला नया गौरव, राष्ट्र को समर्पित ‘नौसेना शौर्य वाटिका’

43
0

लखनऊ के पर्यटन और सैन्य इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारतीय नौसेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को समर्पित ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का आज 30 मई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लोकार्पण करेंगे। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।

राजधानी के इकाना क्रिकेट स्टेडियम के गेट नंबर-5 के पास करीब 2 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित इस भव्य वाटिका का निर्माण लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि भारतीय नौसेना की वीरता और आधुनिक सैन्य क्षमता का जीवंत प्रतीक है।

INS गोमती बनेगा मुख्य आकर्षण

वाटिका का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय नौसेना का सेवानिवृत्त युद्धपोत INS गोमती है। वर्ष 2022 में सेवा से सेवानिवृत्त हुए इस युद्धपोत के विभिन्न हिस्सों को यहां संरक्षित कर प्रदर्शित किया गया है, ताकि आम लोग नौसैनिक युद्धपोतों की संरचना, तकनीक और उनकी कार्यप्रणाली को करीब से समझ सकें।

इसके अलावा यहां एंकर, AK-726 मीडियम रेंज गन, CET-53M टॉरपीडो डिकॉय सिस्टम, जिफ-101 लॉन्चर, कैपस्टन ड्रम, मुख्य मस्तूल और विशाल प्रोपेलर जैसे कई महत्वपूर्ण नौसैनिक उपकरण भी प्रदर्शित किए गए हैं। ये सभी भारतीय नौसेना की ताकत और तकनीकी उत्कृष्टता की झलक पेश करते हैं।

नौसेना के इतिहास और पराक्रम से होगा परिचय

‘नौसेना शौर्य वाटिका’ को नौसेना शौर्य संग्रहालय के दूसरे चरण के रूप में विकसित किया गया है। यहां आने वाले पर्यटक भारतीय नौसेना के गौरवशाली इतिहास, समुद्री सुरक्षा, युद्ध अभियानों और आधुनिक सैन्य तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

अत्याधुनिक इंटरप्रिटेशन सेंटर और ओपन एयर म्यूजियम के रूप में तैयार यह परिसर लोगों को भारतीय नौसेना की भूमिका और योगदान को बेहतर ढंग से समझने का अवसर देगा।

युवाओं में जागेगी देशभक्ति की भावना

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, यह परियोजना भारतीय नौसेना के वीर जवानों और अधिकारियों को समर्पित एक श्रद्धांजलि है। इससे युवाओं और बच्चों में राष्ट्रभक्ति, सैन्य गौरव और देशसेवा की भावना को नया बल मिलेगा। साथ ही लोग देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में नौसेना की महत्वपूर्ण भूमिका को भी करीब से जान सकेंगे।

लखनऊ बनेगा सैन्य पर्यटन का नया केंद्र

भारतीय नौसेना और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयास से विकसित यह परियोजना राजधानी लखनऊ को सैन्य पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में यह स्थल देश के प्रमुख सैन्य पर्यटन केंद्रों में शामिल होगा और बड़ी संख्या में पर्यटकों, विद्यार्थियों तथा शोधार्थियों को आकर्षित करेगा।

‘नौसेना शौर्य वाटिका’ न केवल भारतीय नौसेना के शौर्य की कहानी सुनाएगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित भी करेगी।