उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां करोड़पति होटल कारोबारी के 29 वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।मृतक की पहचान विनीत राय के रूप में हुई है, जो स्थानीय कारोबारी आलोक राय के बेटे थे। वारदात सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बिंदु होटल के बाहर हुई।
बियर लेने के बहाने पहुंचे थे बदमाश

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात चार नकाबपोश बदमाश दो बाइकों से होटल पहुंचे। बताया जा रहा है कि वे बियर लेने के बहाने होटल परिसर में आए थे।उसी दौरान विनीत राय होटल से अपने घर जाने के लिए निकल रहे थे। जैसे ही वे अपनी गाड़ी की ओर बढ़े, बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और दो पिस्टलों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
सीने में दो और शरीर में दो गोलियां मारीं
हमलावरों ने विनीत राय पर चार गोलियां दागीं। एक गोली हाथ में, एक कमर में और दो गोलियां सीने में लगीं। गोली लगते ही विनीत गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।वारदात के दौरान बदमाशों ने होटल के सुरक्षा गार्ड को भी निशाना बनाने की कोशिश की। गार्ड ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद होटल कर्मचारियों और परिजनों ने विनीत राय को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।युवा कारोबारी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पिता का आरोप- रंगदारी न देने पर हुई हत्या

मृतक के पिता आलोक राय ने एक स्थानीय अपराधी शंकर पांडेय पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि रंगदारी की मांग पूरी न करने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया।आलोक राय ने कहा, “मैं हर साल करीब एक करोड़ रुपये टैक्स देता हूं, फिर भी मेरा परिवार सुरक्षित नहीं है। अगर व्यापारी ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो कानून व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।”
एक साल पहले हुई थी शादी, दो महीने की है बेटी
बताया जा रहा है कि विनीत राय की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। उनके परिवार में पत्नी और मात्र दो महीने की एक बेटी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






