देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गढ़ी कैंट स्थित स्वर्गीय हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के पूर्व मंत्री मेजर जनरल बी.सी. खंडूड़ी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मेजर जनरल बी.सी. खंडूड़ी का व्यक्तित्व बहुआयामी था। उन्होंने एक अनुशासित सैनिक, दूरदर्शी प्रशासक, आदर्श जनप्रतिनिधि और उत्तराखंड के विकास पुरुष के रूप में अपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडूड़ी जी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, सादगी और राष्ट्रसेवा के ऐसे प्रतीक थे, जिनके जीवन से सार्वजनिक जीवन में शुचिता और समर्पण की प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास और सुशासन की दिशा में खंडूड़ी जी का योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने उनके सैन्य जीवन को स्मरण करते हुए कहा कि भारतीय सेना में रहते हुए मेजर जनरल बी.सी. खंडूड़ी ने वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में अद्वितीय साहस, नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक कौशल का परिचय दिया था। उनका जीवन देशभक्ति, सेवा और समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल है। श्रद्धांजलि सभा में संत समाज, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भी मेजर जनरल बी.सी. खंडूड़ी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।






