मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान एक बार फिर चर्चाओं में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म नहीं बल्कि उनके नाम से जुड़ा एक विवादित प्रोजेक्ट है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आगामी फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर सलमान खान की कानूनी टीम ने फिल्म के निर्माता और निर्देशक को लीगल नोटिस भेजा है। नोटिस में फिल्म की रिलीज, प्रचार सामग्री और इससे जुड़े सभी प्रमोशनल कैंपेन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि यदि निर्धारित मांगों का पालन नहीं किया गया तो फिल्म से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। अभिनेता की कानूनी टीम का दावा है कि फिल्म कथित रूप से 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित बताई जा रही है, जिससे उनकी छवि प्रभावित हो सकती है और न्यायालय में लंबित कानूनी प्रक्रिया पर भी असर पड़ सकता है।
बताया जा रहा है कि नोटिस में फिल्म के विकास, निर्माण और प्रचार गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग की गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि फिल्म निर्माताओं ने इस विषय को लेकर सलमान खान से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली है।
हाल ही में फिल्म ‘काला हिरण’ का पोस्टर जारी किया गया था। पोस्टर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। निर्माताओं ने घोषणा की थी कि फिल्म का फर्स्ट लुक और टीजर 20 जून को जारी किया जाएगा। हालांकि अब लीगल नोटिस की खबर सामने आने के बाद फिल्म के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिल्म के निर्माता अमित जानी ने पूर्व में मीडिया से बातचीत के दौरान बताया था कि फिल्म की कहानी 1998 के काला हिरण शिकार प्रकरण, उससे जुड़े कोर्टरूम ड्रामा, अपराध और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई तथा सलमान खान के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद को आधार बनाकर तैयार की गई है। उन्होंने कहा था कि फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के संभल, मुरादाबाद और अन्य स्थानों पर की गई है।
फिल्म के पोस्टर के अनुसार इसका निर्देशन भारत एस. श्रीनेत कर रहे हैं। हालांकि फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले कलाकारों की आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि साल 1998 में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान जोधपुर के कांकाणी गांव में काला हिरण के शिकार का मामला सामने आया था। इस प्रकरण में सलमान खान समेत कई कलाकारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद 5 अप्रैल 2018 को जोधपुर अदालत ने सलमान खान को दोषी ठहराते हुए पांच वर्ष की सजा सुनाई थी, जबकि अन्य सह-आरोपियों को बरी कर दिया गया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।
वर्तमान में यह मामला राजस्थान हाईकोर्ट में विचाराधीन है। हालिया सुनवाई के बाद अदालत ने अगली तारीख 13 जुलाई 2026 निर्धारित की है। ऐसे में फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर शुरू हुआ नया विवाद आने वाले दिनों में और अधिक चर्चा का विषय बन सकता है।






