लखनऊ, 02 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत प्रदेश में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना और जिम्मेदार ड्राइविंग की संस्कृति को बढ़ावा देना है। परिवहन विभाग के अनुसार 20 से 26 मई तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर प्रदेशभर में 57,186 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 2,669 वाहनों को सीज किया गया।
सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम करने के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। अभियान के दौरान हेलमेट न पहनने वाले 23,758 लोगों तथा सीट बेल्ट का इस्तेमाल न करने वाले 9,083 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 3,676 लोगों के चालान काटे गए। विभाग का कहना है कि ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रहा है, इसलिए इस पर सख्ती बरती जा रही है।
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अनाधिकृत रूप से संचालित बसों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। इस दौरान 1,502 बसों के चालान किए गए और 400 से अधिक बसों को सीज किया गया। वहीं माल वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने के मामलों में एक हजार से अधिक चालान किए गए, जबकि 91 वाहनों को सीज किया गया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरलोडिंग से बचने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने के प्रति जागरूक करना भी है। विभाग का मानना है कि जनसहभागिता और यातायात नियमों के पालन से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।






