Home Crime 25 साल से फरार 50 हजार का इनामी बदमाश दिल्ली से गिरफ्तार,...

25 साल से फरार 50 हजार का इनामी बदमाश दिल्ली से गिरफ्तार, ट्रैफिक चालान बना पुलिस का सुराग

56
0

आगरा। थाना लोहामंडी पुलिस ने 25 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त सैमुअल उर्फ सहदेव उर्फ अमित को दिल्ली से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस को आरोपी तक पहुंचाने में एक कार का ट्रैफिक चालान अहम कड़ी साबित हुआ।

पुलिस के अनुसार, सैमुअल वर्ष 2002 में दर्ज लूट और युवती को भगाने के मामले में वांछित था। बताया जाता है कि उसने प्रेम विवाह के लिए धन जुटाने की नीयत से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद वह लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए कई बार अपना नाम, पहचान और यहां तक कि धर्म भी बदलता रहा।

लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी पुलिस को हाल ही में दिल्ली में एक वाहन के ट्रैफिक चालान से महत्वपूर्ण सुराग मिला। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी दिल्ली के नागलोई क्षेत्र स्थित प्रेमनगर में रह रहा है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि फरारी के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान पूरी तरह बदल ली थी और दिल्ली के एक निजी स्कूल में शूटिंग रेंज टीचर के रूप में कार्य कर रहा था। बदलते नाम और ठिकानों के कारण उसे पहचान पाना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान आरोपी किन-किन राज्यों में रहा, उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे और उसने इस अवधि में क्या गतिविधियां संचालित कीं। अधिकारियों का कहना है कि आधुनिक तकनीक, सर्विलांस और सूक्ष्म जांच के चलते एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया जा सका, जो करीब ढाई दशक से कानून की गिरफ्त से बाहर था।