कांग्रेस की ओर से अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में आयोजित ‘परिवर्तन शंखनाद’ रैली में उस समय निराशा का माहौल देखने को मिला, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खराब मौसम के कारण जनसभा स्थल तक नहीं पहुंच सके। राहुल गांधी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सभा स्थल पर जुटे थे। बताया गया कि राहुल गांधी पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा के लिए रवाना हुए थे, लेकिन मौसम खराब होने के चलते उनका हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा नहीं पहुंच सका और उन्हें वापस पंतनगर लौटना पड़ा।
हालांकि, राहुल गांधी ने फोन के माध्यम से जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाने पर लोगों से क्षमा मांगते हुए की। उन्होंने कहा कि खराब मौसम की वजह से वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन जल्द ही अल्मोड़ा आकर जनता से सीधे संवाद करेंगे। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठाया। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं और पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। राहुल गांधी ने इन मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर भी निशाना साधा।
रैली में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के संदेश को जनता तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। वहीं, राहुल गांधी के जल्द अल्मोड़ा दौरे की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह भी देखने को मिला।






