बलिया: पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से गोलू सिंह उर्फ टाइगर को गिरफ्तार किया है। CBI के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पर हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए असलहे की ट्रांसपोर्टिंग में भूमिका निभाने का आरोप है। गुरुवार को CBI की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद जिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया और फिर उसे आगे की पूछताछ के लिए कोलकाता लेकर रवाना हो गई।
बताया जा रहा है कि गोलू सिंह उर्फ टाइगर बलिया जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र स्थित बासुदेवपुर गांव का निवासी है। मामले में CBI लगातार जांच कर रही है और अब तक कई अहम सुराग हाथ लग चुके हैं। सरकारी अधिवक्ता संजीव सिंह ने बताया कि चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार आरोपी को CBI ने बलिया न्यायालय में पेश किया। अदालत से एजेंसी को 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मिला है, जिसके बाद आरोपी को कोलकाता ले जाया गया है।
वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके परिजनों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। मामले की जांच जारी है और CBI इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।






