Home Uttar Pradesh विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम योगी का संकल्प, बोले- पर्यावरण बचेगा तभी...

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम योगी का संकल्प, बोले- पर्यावरण बचेगा तभी सुरक्षित रहेगी सृष्टि

37
0

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने अपने सरकारी आवास पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आम का पौधा लगाकर प्रदेशवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने सभी नागरिकों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण बचेगा तो प्रकृति बचेगी और प्रकृति के संरक्षण से ही जीव सृष्टि का अस्तित्व सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को मातृभूमि और प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

सीएम योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi की प्रेरणा से प्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। वर्ष 2017 में वन महोत्सव के दौरान 5 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य से शुरू हुआ अभियान आज एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं, जिससे प्रदेश का वन क्षेत्र बढ़ाने में मदद मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने प्रभु श्रीराम के उद्घोष ‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी’ का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा मातृभूमि के प्रति सबसे महत्वपूर्ण दायित्वों में से एक है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार प्लास्टिक मुक्त उत्तर प्रदेश बनाने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सिंगल यूज प्लास्टिक को हतोत्साहित करने के साथ-साथ मिट्टी के बर्तनों को बढ़ावा देने के लिए माटी कला बोर्ड के माध्यम से कुम्हार समाज को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, बड़े आवासीय और व्यावसायिक परिसरों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग को भी अनिवार्य किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, पौधे लगाएं और उनका संरक्षण सुनिश्चित करें