Home Crime बलिया में 25 हजार का इनामिया बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

बलिया में 25 हजार का इनामिया बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

58
0

बलिया पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना दोकटी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश की जा रही थी। जानकारी के अनुसार थाना दोकटी और एसओजी की टीम देर रात दोकटी ढाला के पास चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त धीरज सिंह उर्फ मोहर सिंह क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस को देखते ही बदमाश ने खुद को घिरता पाया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त धीरज सिंह उर्फ मोहर सिंह, लक्ष्मण छपरा थाना दोकटी का निवासी है। पुलिस के मुताबिक वह 22 मार्च 2026 को सुजीत कुमार सिंह पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सीएचसी सोनबरसा भेजा गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।