Home Breaking News मुख्तार अंसारी के गजल होटल पर एक और दावेदार, अभिषेक अग्रवाल ने...

मुख्तार अंसारी के गजल होटल पर एक और दावेदार, अभिषेक अग्रवाल ने कोर्ट में पेश किया दावा

40
0

गाजीपुर, 6 जून। कभी बाहुबली मुख्तार अंसारी की पहचान माने जाने वाले गजल होटल की जमीन को लेकर अब दावेदारों की संख्या बढ़ती जा रही है। पहले मोतीचंद वर्मा द्वारा जमीन पर अपना दावा पेश किए जाने के बाद अब अभिषेक अग्रवाल नामक व्यक्ति ने भी गजल होटल की भूमि पर स्वामित्व का दावा करते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।

शुक्रवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में सरकार बनाम मुख्तार अंसारी मामले की सुनवाई के दौरान यह नया घटनाक्रम सामने आया। मामले की जानकारी देते हुए सहायक शासकीय अधिवक्ता अखिलेश सिंह ने बताया कि इस केस में अब्बास अंसारी की पेशी निर्धारित थी, लेकिन वह किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सके।उन्होंने बताया कि इसी बीच शहर कोतवाली क्षेत्र के टेढ़ी बाजार निवासी अभिषेक अग्रवाल ने गजल होटल की भूमि पर अपना स्वामित्व दावा प्रस्तुत करते हुए न्यायालय में याचिका दाखिल की है। इससे पहले मोतीचंद वर्मा भी इसी भूमि पर अपना दावा प्रस्तुत कर चुके हैं।

अभिषेक अग्रवाल की याचिका पर संज्ञान लेते हुए एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश शक्ति सिंह ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 27 जून की तिथि निर्धारित की है। अदालत अब प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों और साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

गौरतलब है कि एक समय गाजीपुर में गजल होटल को मुख्तार अंसारी की ताकत और प्रभाव का प्रतीक माना जाता था, लेकिन उनकी मृत्यु के बाद होटल और उसकी भूमि को लेकर स्वामित्व संबंधी दावों का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे यह मामला अब कानूनी और सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गया है।