Home Uttar Pradesh गोंडा दौरे पर सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, विकास और कानून...

गोंडा दौरे पर सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, विकास और कानून व्यवस्था को बताया सरकार की पहचान

39
0

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा दौरे के दौरान 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब दंगाइयों और उपद्रवियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने उत्सव के रंग में भंग डालने का प्रयास किया तो उसका वर्तमान ही नहीं, भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा। कटरा और करनैलगंज विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और असुरक्षा का माहौल था। दुर्गा पूजा और रामलीला जैसे आयोजनों में भी बाधाएं डाली जाती थीं, लेकिन अब कानून व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले रामभक्त भी अयोध्या नहीं जा पाते थे, लेकिन अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है और रामद्रोहियों के लिए वहां कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी सौभाग्यशाली है, जिसने भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण देखा है। सीएम योगी ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब विकास केवल नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ तक सीमित नहीं है, बल्कि गोंडा जैसे जिलों में भी बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं और नौकरियों में अब किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होता और पात्र लोगों को पारदर्शी तरीके से लाभ दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने कमल का बटन दबाकर विकास, रोजगार और सुशासन का रास्ता चुना है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि अच्छे लोगों को चुनें, क्योंकि गलत नेतृत्व का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने गोंडा को आधुनिक उत्तर प्रदेश के आधुनिक जिले के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि कभी देश के सबसे गंदे शहरों में गिना जाने वाला गोंडा अब स्वच्छता और विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और कई लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।