Home Breaking News राप्ती में रील का जुनून बना काल करतहरी घाट पर डूबे दो...

राप्ती में रील का जुनून बना काल करतहरी घाट पर डूबे दो युवकों की मौत

39
0

गोरखपुर में सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का शौक दो युवकों की जिंदगी पर भारी पड़ गया। पीपीगंज थाना क्षेत्र के करतहरी घाट पर राप्ती नदी में नहाने और वीडियो बनाने गए सात दोस्तों में से दो युवक गहरे पानी में डूब गए। घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बरामद किए गए।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, जगदीशपुर गाही गांव के सात युवक शनिवार को राप्ती नदी के करतहरी घाट पर नहाने पहुंचे थे। सभी दोस्त नदी में मस्ती करते हुए मोबाइल फोन से रील और वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान दो युवक नदी के उस हिस्से में चले गए जहां पानी काफी गहरा था और बहाव भी तेज था। अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वे डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के सामने उनके प्रयास नाकाम रहे। देखते ही देखते दोनों युवक नदी में लापता हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पीपीगंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।

स्थानीय गोताखोरों की मदद से चलाए गए अभियान के दौरान पहले शिवम कुमार पुत्र संजीव कुमार, निवासी जगदीशपुर गाही का शव बरामद किया गया। वहीं दूसरे युवक गोलू कुमार पुत्र रामदीन (19 वर्ष) का पता नहीं चल सका। इसके बाद 26वीं वाहिनी पीएसी के प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाया गया।

कई घंटों तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद पीएसी, स्थानीय गोताखोरों और प्रशासनिक टीम ने गोलू कुमार का शव भी बरामद कर लिया। दोनों शवों के मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। सदर तहसील प्रशासन के अधिकारी पूरे अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहे और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।