वाराणसी के भेलूपुर इलाके में स्थित ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विद्यामठ आश्रम के हनुमान मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है, इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा कर दिया है।
कैसे हुई वारदात?
यह घटना 24 अप्रैल की बताई जा रही है, शंकराचार्य घाट स्थित विद्यामठ आश्रम के हनुमान मंदिर से भगवान हनुमान जी के आभूषण चोरी हो गए थे, घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू की गई, पुलिस ने जब मंदिर परिसर के CCTV कैमरों की जांच की, तो पूरे मामले में अहम सुराग मिला, फुटेज में एक युवक संदिग्ध तरीके से मंदिर परिसर में घूमता दिखाई दिया, जिसके बाद वह आभूषण लेकर बाहर निकलता नजर आया, CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और जांच को आगे बढ़ाया।

पुलिस ने आरोपी को लंका क्षेत्र के नरिया-साकेत नगर से गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान राजू खान के रूप में हुई है, पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए आभूषणों को आगे दो अन्य लोगों को भी बेचा गया था, इसके बाद पुलिस ने उन दोनों खरीदारों को भी गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान ध्रुव कुमार वर्मा और संतोष वर्मा के रूप में हुई है।
बरामद हुए चोरी के आभूषण

पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं, इनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के अनुसार, CCTV फुटेज और तकनीकी इनपुट्स की मदद से इस पूरे मामले को सुलझा लिया गया है, फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतनी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह से चोरी कैसे हुई और चोरी का सामान इतनी आसानी से आगे कैसे बेचा गया, यह मामला मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला सुलझ गया है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब भी कई सवाल बने हुए हैं।






