Home Political news डिंपल यादव के बयान पर केशव प्रसाद मौर्य का पलटवार, बोले- 12...

डिंपल यादव के बयान पर केशव प्रसाद मौर्य का पलटवार, बोले- 12 साल में आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव पड़ी

41
0

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल को देश के लिए “सफलतम दौर” बताते हुए समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव के बयान पर तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है और कई ऐसी वस्तुएं, जिन्हें पहले विदेशों से आयात करना पड़ता था, आज देश में ही निर्मित की जा रही हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल और तृणमूल कांग्रेस जैसी पार्टियां सत्ता से बाहर होने के बाद “राजनीतिक रूप से बेरोजगार” हो गई हैं और यही वजह है कि वे लगातार सरकार पर सवाल उठा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र में पिछले 12 वर्षों और उत्तर प्रदेश में पिछले 9 वर्षों के दौरान विकास कार्य पूरी तरह पारदर्शी तरीके से हुए हैं। सरकार की नीतियों से युवा वर्ग संतुष्ट है और आगे भी उनके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए जाते रहेंगे।

ALSO READ अविमुक्तेश्वरानंद के आश्रम में चोरी! मंदिर के आभूषण गायब, CCTV में कैद हुआ आरोपी

अखिलेश-डिंपल पर साधा निशाना

ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव की मुलाकात पर भी उपमुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गाय और सनातन की बात करने वाले लोग केवल दिखावा कर रहे हैं। “देश नहीं बेचने देंगे, गाय नहीं कटने देंगे” का नारा भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं का संकल्प है।

सपा-कांग्रेस को बताया अवसरवादी

केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और कांग्रेस को अवसरवादी बताते हुए कहा कि जिन सरकारों के समय रामभक्तों पर गोलियां चलीं और गौ तस्करी को बढ़ावा मिला, वे संतों और गौ रक्षा की बात करने का नैतिक अधिकार नहीं रखते।

2027 और 2029 में भाजपा की जीत का दावा

डिप्टी सीएम ने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा एक बार फिर सरकार बनाएगी और 2029 के लोकसभा चुनाव में भी केंद्र में भाजपा की वापसी होगी। उन्होंने कहा कि 2047 तक न तो सपा उत्तर प्रदेश की सत्ता में लौटेगी और न ही कांग्रेस केंद्र की सत्ता में वापसी कर पाएगी।

सीएम योगी पर डिंपल यादव के बयान को बताया ‘घटिया’

सीएम योगी आदित्यनाथ को “राजनीतिक हिंदू” बताए जाने वाले डिंपल यादव के बयान पर केशव प्रसाद मौर्य ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और घटिया टिप्पणी करार दिया। उन्होंने कहा कि पहले डिंपल यादव इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं करती थीं और भगवान से प्रार्थना है कि उन्हें सद्बुद्धि मिले।

‘पश्चिम बंगाल के बाद यूपी विजय की तैयारी’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के 2027 चुनाव की तैयारियों के आह्वान का समर्थन करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश है कि पश्चिम बंगाल के बाद अब उत्तर प्रदेश में फिर से कमल खिलाने की तैयारी है। इसके साथ ही पंजाब, गोवा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी भाजपा अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन को मजबूत कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने में सफल होगी।