जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर संजय राउत का बड़ा बयान, युवाओं के समर्थन में की पोस्ट
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा आयोजित प्रदर्शन को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं, इसी क्रम में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए प्रदर्शन कर रहे युवाओं के प्रति समर्थन जताया है, संजय राउत ने अपने पोस्ट में उद्धव ठाकरे का हवाला देते हुए लिखा कि जिन युवाओं को देश का भविष्य और भाग्य-विधाता कहा जाता है, आज वही हजारों की संख्या में अपने भविष्य को लेकर चिंता और पीड़ा के साथ चिलचिलाती धूप में सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा यह आंदोलन केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि युवाओं की बेचैनी और उनकी समस्याओं का प्रतीक है, राउत ने अपने पोस्ट में लिखा कि कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले हो रहे इस आंदोलन को केवल नाम के आधार पर कमतर आंकना उचित नहीं होगा।
NEET पेपर लीक और युवाओं की नाराजगी का जिक्र
संजय राउत ने अपने बयान में NEET पेपर लीक मामले का भी उल्लेख किया, उन्होंने लिखा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है और यही कारण है कि बड़ी संख्या में युवा अब अपनी आवाज उठाने के लिए सड़क पर उतर रहे हैं, उन्होंने कहा कि युवाओं की मांगों और चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए, उनके अनुसार, यह आंदोलन उन युवाओं की आवाज है जो रोजगार, शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।
Also Read – राप्ती में रील का जुनून बना काल करतहरी घाट पर डूबे दो युवकों की मौत
सरकार को मांगें सुननी होंगी: संजय राउत
अपने पोस्ट में राउत ने आगे लिखा कि सरकार को इन युवाओं की मांगों पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी आंदोलन को केवल उसके नाम या स्वरूप के आधार पर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए, संजय राउत ने लिखा कि जंतर-मंतर पर चल रहा यह आंदोलन एक संदेश और चेतावनी दोनों है कि युवाओं की समस्याओं को लंबे समय तक अनदेखा नहीं किया जा सकता।
राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना प्रदर्शन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया, प्रदर्शन के दौरान बेरोजगारी, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और अन्य सामाजिक मुद्दों को लेकर आवाज उठाई गई, अब इस आंदोलन को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों और नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं, संजय राउत का बयान भी इसी क्रम में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें युवाओं की चिंताओं और उनकी मांगों को लेकर स्पष्ट समर्थन व्यक्त किया गया है, फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में इस आंदोलन और इससे जुड़े मुद्दों पर अन्य राजनीतिक दलों तथा सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।






