भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने डिजिटल मीडिया और युवाओं की भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया है, रांची में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल युग का उपयोग देश के युवाओं को गलत दिशा में ले जाने के लिए नहीं होने दिया जाएगा, उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP (Cockroach Janta Party) के नेतृत्व में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।
युवाओं की ताकत पर जताया भरोसा
नितिन नवीन ने कहा कि भारत का युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और क्षमता के बल पर देश को आगे बढ़ा रहा है, उन्होंने कहा कि कुछ लोग युवाओं को नकारात्मक राजनीति की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन देश का युवा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना जानता है, उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति के लिए पर्याप्त स्थान है, लेकिन किसी भी आंदोलन या अभियान के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों और मर्यादाओं का पालन किया जाना चाहिए।
डिजिटल युग के दुरुपयोग पर चेतावनी
बीजेपी अध्यक्ष ने डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल विकास, शिक्षा और जागरूकता के लिए होना चाहिए, उन्होंने कहा कि यदि इन माध्यमों का उपयोग भ्रम फैलाने या युवाओं को भटकाने के लिए किया जाता है, तो यह देश और समाज दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है,उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें और सकारात्मक सोच के साथ देश के विकास में योगदान दें।
अभिजीत दीपके और CJP पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी
अपने संबोधन के दौरान नितिन नवीन ने बिना किसी का नाम लिए उन लोगों पर निशाना साधा जो डिजिटल माध्यमों के जरिए युवाओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं, राजनीतिक गलियारों में इसे CJP (Cockroach Janta Party) और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके से जोड़कर देखा जा रहा है।
अभिजीत दीपके ने हाल ही में ‘Cockroach Janta Party’ नाम से एक वेबसाइट और सोशल मीडिया अभियान शुरू किया है, बताया जाता है कि वे पब्लिक रिलेशन की पढ़ाई कर चुके हैं और कुछ समय तक अमेरिका में भी रहे हैं, भारत लौटने के बाद उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लिया और आंदोलन का नेतृत्व किया।
सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता
अभिजीत दीपके और CJP से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स पिछले कुछ समय से चर्चा में हैं, बताया जा रहा है कि इन अकाउंट्स ने कुछ ही हफ्तों में लाखों फॉलोअर्स हासिल किए हैं, सोशल मीडिया पर उनकी गतिविधियों को लेकर लगातार बहस जारी है और विभिन्न राजनीतिक दल इस पर अपनी-अपनी राय रख रहे हैं।
युवाओं को प्लेटफॉर्म बनाने का आरोप
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर युवाओं को अपने राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बनाना चाहती हैं, उन्होंने कहा कि भारत का युवा गांवों, कस्बों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में मेहनत कर रहा है और वह किसी भी प्रकार के भ्रम या प्रचार से प्रभावित नहीं होगा, उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल राजनीतिक प्रयोग का माध्यम बनाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित किया जाना चाहिए।
जंतर-मंतर पर हुआ प्रदर्शन
इधर, दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं और समर्थकों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई, उनका आरोप है कि CBSE परीक्षा संचालन और NEET-UG परीक्षा से जुड़े कुछ मामलों में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की इस दौरान कई छात्र संगठनों और सामाजिक समूहों ने भी अपना समर्थन जताया, डिजिटल मीडिया, युवाओं की भागीदारी और राजनीतिक आंदोलनों को लेकर देश में लगातार बहस जारी है, एक ओर CJP जैसे नए डिजिटल अभियान युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दल डिजिटल प्लेटफॉर्म के जिम्मेदार उपयोग पर जोर दे रहे हैं, आने वाले समय में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि डिजिटल राजनीति और जमीनी राजनीति के बीच यह बहस किस दिशा में आगे बढ़ती है।






