काशी में शहर के बाहर शिफ्ट होंगी मीट-मछली की दुकानें, 5 स्थान किए गए चिह्नित
धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में मीट-मांस और मछली के कारोबार को लेकर नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है, नगर निगम की साधारण सभा की बैठक में शहर के भीतर संचालित मीट-मांस और मछली की दुकानों को चरणबद्ध तरीके से शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित करने पर सहमति बनी है, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि योजना के पहले चरण के लिए पांच स्थानों का चयन किया गया है, इनमें रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर क्षेत्र शामिल हैं, इन स्थानों को शहर की बाहरी सीमा के पास चुना गया है ताकि लोगों को खरीदारी में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में पार्षदों ने इस मुद्दे पर चर्चा करते हुए कहा कि पहले भी इस संबंध में प्रस्ताव लाया गया था, लेकिन उस पर अमल नहीं हो सका, नगर निगम ने अब जल्द ही इस योजना को लागू करने का भरोसा दिया है, महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि अगले छह महीनों के भीतर शहर के अंदर संचालित मीट-मांस और मछली की दुकानों को बाहरी क्षेत्रों में स्थानांतरित कर दिया जाएगा, उनका कहना है कि काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के साथ-साथ शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाना जरूरी है, नगर निगम के इस फैसले को शहर के विकास, स्वच्छता और पर्यटन प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






