Home Crime कम्पिल में पुलिस मुठभेड़, कुख्यात बदमाश रविदास उर्फ करिया के पैर में...

कम्पिल में पुलिस मुठभेड़, कुख्यात बदमाश रविदास उर्फ करिया के पैर में लगी गोली

87
0

फर्रुखाबाद। जनपद के थाना कम्पिल क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर उसने भागने का प्रयास किया और खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान रविदास उर्फ करिया, निवासी जनपद कन्नौज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ चोरी, लूट और डकैती समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क तथा अन्य वारदातों में संभावित संलिप्तता के बारे में जानकारी जुटा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी गई है।