Home Uncategorized 12 वर्षों में बदला भारत का स्वरूप, आस्था और आर्थिकी के संगम...

12 वर्षों में बदला भारत का स्वरूप, आस्था और आर्थिकी के संगम से विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ रहा देश : सीएम योगी

34
0

लखनऊ, 12 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोकभवन में आयोजित मीडिया संवाद में देश और उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान बनाई है और आज देश आस्था, सुशासन, सुरक्षा और आर्थिक प्रगति के समन्वय के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकास की धुरी के रूप में गरीब, महिला, युवा और किसान को केंद्र में रखा। जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना जैसी पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं, जो विश्व इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।

उत्तर प्रदेश को प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं का सबसे अधिक लाभ मिलने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 65 लाख से अधिक गरीबों को आवास, लगभग 2 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन, 3 करोड़ परिवारों को शौचालय तथा 15 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है।

महिला सशक्तीकरण को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना योजना, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना जैसी पहल ने महिलाओं को सम्मान और अवसर प्रदान किए हैं। वहीं युवाओं के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप, पीएम विश्वकर्मा और खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने नए अवसरों के द्वार खोले हैं।

किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और कृषि सिंचाई योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के 3 करोड़ से अधिक किसान इन योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। गन्ना किसानों को अब तक 3.22 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कोविड-19 प्रबंधन को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि मुफ्त टेस्टिंग, वैक्सीनेशन, राशन और उपचार की व्यवस्था ने करोड़ों लोगों को राहत पहुंचाई। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद और सीमा पार से होने वाली चुनौतियों का निर्णायक जवाब दिया है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों ने देश का आत्मविश्वास बढ़ाया है।

सांस्कृतिक पुनर्जागरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारपुरी पुनर्विकास जैसे कार्य भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की आस्था और विरासत को सम्मान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को वर्ष 2030 तक एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के विजन के अनुरूप कार्य कर रही है। उत्तर प्रदेश वर्ष 2036 तक दो ट्रिलियन डॉलर और वर्ष 2047 तक पांच ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है।

मीडिया संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल विकास, सुशासन और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान की राजनीति से असहज हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व भारत की विकास यात्रा की सराहना कर रहा है, लेकिन विपक्ष राजनीतिक कारणों से इन उपलब्धियों को स्वीकार करने से बच रहा है।