Home Accident बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मजदूरों से भरी डीसीएम पलटी, एक दर्जन से अधिक...

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मजदूरों से भरी डीसीएम पलटी, एक दर्जन से अधिक घायल

43
0

जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मजदूरों और उनके परिवारों से भरी एक डीसीएम मौरम से लदे डंपर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ से महोबा जा रही मजदूरों और उनके परिवारों से भरी डीसीएम जालौन कोतवाली क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 208.5 किलोमीटर प्वाइंट पर मौरम से लदे डंपर से टकरा गई। टक्कर के बाद डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वाहन में सवार लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि सुबह एक्सप्रेसवे पर ट्रक और डंपर की टक्कर के बाद यातायात वन-वे कर दिया गया था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और घायलों का उपचार जारी है।