बरेली। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक बार फिर बड़ा हादसा कर दिया। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना मंत्री संजय गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे आदित्य वीर गंगवार चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बारादरी पुल पर उस समय हुआ जब आदित्य स्कूटी से जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर अचानक चाइनीज मांझा आदित्य की गर्दन में फंस गया, जिससे उनकी गर्दन, होंठ और हाथ बुरी तरह कट गए। मांझे का वार इतना तेज था कि उनके मुंह से कान तक और कान से गर्दन तक गहरे जख्म हो गए। हादसे के बाद वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से आदित्य को बरेली के ईशान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन शुरू किया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक आदित्य की गर्दन, होंठ और उंगली पर गंभीर चोटें थीं। करीब तीन घंटे तक चले सफल ऑपरेशन के बाद उनकी हालत अब स्थिर है और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही गन्ना मंत्री संजय गंगवार अस्पताल पहुंचे और भतीजे का हालचाल जाना। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी लेते हुए अवैध रूप से चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। गौरतलब है कि बरेली में चाइनीज मांझे से हादसों की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। प्रशासन द्वारा समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई भी की जाती है, लेकिन इसके बावजूद प्रतिबंधित मांझे का अवैध कारोबार पूरी तरह नहीं रुक पाया है। ताजा घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






