Home Uttarakhand news चारधाम यात्रा पर 24 घंटे नजर, 45 हजार से अधिक शिकायतों का...

चारधाम यात्रा पर 24 घंटे नजर, 45 हजार से अधिक शिकायतों का निस्तारण

85
0

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पर्यटन विभाग का कमांड एंड कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रूप से निगरानी कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर संचालित यह सेंटर यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान, मौसम संबंधी जानकारी और यात्रा प्रबंधन में अहम भूमिका निभा रहा है। गढ़ीकैंट स्थित चारधाम यात्रा कमांड एंड कंट्रोल रूम से केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब सहित सभी प्रमुख तीर्थस्थलों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। यहां तैनात 35 कार्मिक चार शिफ्टों में लगातार कार्य कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पर्यटन विभाग के अनुसार अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि 36 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के दौरान प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम लगातार कार्य कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अब तक 45 हजार से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। इनमें हेलीकॉप्टर सेवा से जुड़ी 4,469 शिकायतें, यात्रा पंजीकरण से संबंधित 31,942 शिकायतें, वाहन पंजीकरण की 1,370 शिकायतें और अन्य श्रेणी की 785 शिकायतें शामिल हैं।

यात्रा को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए आधार आधारित पंजीकरण प्रणाली लागू की गई है, जिससे फर्जी पंजीकरण पर प्रभावी रोक लगी है। वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान और जरूरी अलर्ट पंजीकृत यात्रियों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे जा रहे हैं।

मानसून सीजन को देखते हुए कंट्रोल रूम और कॉल सेंटर को विशेष रूप से अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।