Home Uttar Pradesh कांग्रेस-सपा ने ललितपुर को किया उपेक्षित, हमारी सरकार एक दिन में दे...

कांग्रेस-सपा ने ललितपुर को किया उपेक्षित, हमारी सरकार एक दिन में दे रही 1766 करोड़ की सौगात : सीएम योगी

56
0

ललितपुर, 20 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ललितपुर में 1766 करोड़ रुपये की 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने दशकों तक शासन किया, लेकिन ललितपुर को उतना विकास नहीं दिया जितना डबल इंजन सरकार आज एक दिन में दे रही है। तुवन मंदिर मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने पांच दशक और सपा ने चार बार उत्तर प्रदेश में सरकार चलाई, लेकिन दोनों दलों ने मिलकर भी ललितपुर को 1500 करोड़ रुपये की परियोजनाएं नहीं दी होंगी। उन्होंने कहा कि सपा के लिए केवल सैफई और कांग्रेस के लिए एक परिवार ही महत्वपूर्ण था, जबकि भाजपा सरकार के लिए प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही परिवार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की उपेक्षा के कारण ललितपुर और बुंदेलखंड विकास से वंचित रहे। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। अवैध खनन, माफियावाद और पलायन ने क्षेत्र की पहचान बना दी थी, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब ललितपुर के युवाओं और बेटियों को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के कारण युवा अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ रहे हैं। वहीं कानून व्यवस्था मजबूत होने से महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान भी सुनिश्चित हुआ है।

सीएम योगी ने कहा कि बुंदेलखंड में हर घर जल योजना के जरिए लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। एक समय था जब महिलाओं को सिर पर घड़े रखकर दूर-दूर से पानी लाना पड़ता था, लेकिन अब घर-घर नल से जल पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ललितपुर अब नवाचार और विकास का नया केंद्र बन रहा है। यहां मेडिकल कॉलेज, अटल आवासीय विद्यालय और प्रदेश का पहला 1500 एकड़ क्षेत्रफल वाला फार्मा पार्क स्थापित किया जा रहा है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही भविष्य में आयुष पार्क की स्थापना की भी योजना है।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और डिफेंस कॉरिडोर जैसे बड़े प्रोजेक्ट क्षेत्र की तस्वीर बदल रहे हैं। डिफेंस कॉरिडोर के तहत उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है, जो देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने सिंचाई परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दशकों से लंबित अर्जुन सहायक परियोजना को पूरा किया गया है। रतौली, बावनी, कचनौदा बांध और अन्य परियोजनाओं से बुंदेलखंड के किसानों की आय बढ़ी है और खेती को नया आधार मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने मेडिकल कॉलेजों की स्थापना में क्षेत्रीय भेदभाव नहीं किया। गोरखपुर या उपमुख्यमंत्रियों के जिलों के बजाय ललितपुर जैसे पिछड़े क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से युवाओं को बिना गारंटी और ब्याज के वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।