Home International news अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: चित्रकूट के रामायण मेला परिसर में भव्य योग...

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: चित्रकूट के रामायण मेला परिसर में भव्य योग आयोजन, प्रभारी मंत्री नंदी ने किया शुभारंभ

41
0

चित्रकूट। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को धर्मनगरी चित्रकूट के रामायण मेला परिसर, सीतापुर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

योग दिवस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य, पूर्व राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता, जिला सहकारी बैंक चित्रकूट-बांदा के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।इस दौरान प्रभारी मंत्री और अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रसारित विशेष संबोधन और योग कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के योग संबंधी संदेश को ध्यानपूर्वक सुना और नियमित योग को जीवनशैली में अपनाने का संकल्प लिया।

योग चैंपियन अनन्या ने किया शानदार प्रदर्शन

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण योग प्रतियोगिता की स्टेट चैंपियन कुमारी अनन्या का उत्कृष्ट योग प्रदर्शन रहा। उनके शानदार योगासन प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।वहीं योग प्रशिक्षक मंजू केसरवानी, राजधर यादव एवं नरेन्द्र नारायण चंद्रवंशी ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान क्रियाओं का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी।उत्कृष्ट योगदान के लिए सभी योग प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर : नन्द गोपाल गुप्ता नंदी

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है।उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। आज संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रही है, जो भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने का एक वैज्ञानिक माध्यम है।

“करें योग, रहें निरोग” का दिया संदेश

प्रभारी मंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और निरोग जीवन प्रदान करता है।उन्होंने “करें योग, रहें निरोग” का संदेश देते हुए सभी नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

बड़ी संख्या में शामिल हुए योग प्रेमी

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक साकेत बिहारी शुक्ल ने किया। आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में योग प्रेमियों ने सहभागिता की।धर्मनगरी चित्रकूट में आयोजित यह भव्य योग कार्यक्रम स्वास्थ्य, जागरूकता और भारतीय संस्कृति के प्रति लोगों की आस्था का प्रतीक बनकर उभरा।