Home Crime मक्के के खेत में मिला युवक का शव, प्रेमिका और उसके परिजनों...

मक्के के खेत में मिला युवक का शव, प्रेमिका और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप

74
0

कन्नौज। जिले के मानीमऊ क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब लीलापुरवा गांव के पास एक मक्के के खेत में 23 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान सचिन (23) पुत्र निवासी मानीमऊ के रूप में हुई है। घटनास्थल पर मानीमऊ चौकी प्रभारी कर्णवीर, सदर कोतवाल जितेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर कुलवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

मृतक की मां रन्नो देवी के अनुसार, सचिन दिल्ली की एक निजी फैक्ट्री में काम करता था। शुक्रवार को वह दिल्ली से ट्रेन के जरिए कानपुर पहुंचा था और वहां से अपने घर मानीमऊ के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंच सका। शनिवार सुबह उसका शव खेत में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि सचिन का गांव की ही एक युवती सलोनी से प्रेम संबंध था। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि सलोनी और उसके परिजनों ने योजनाबद्ध तरीके से सचिन को बुलाकर उसकी हत्या करवा दी। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले के शीघ्र खुलासे के लिए संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।