Home Crime अवैध खनन पर डीएम एसपी की बड़ी कार्रवाई, 6 डंपर सीज, 5...

अवैध खनन पर डीएम एसपी की बड़ी कार्रवाई, 6 डंपर सीज, 5 चालकों पर FIR

76
0

अमरोहा। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। देहात थाना क्षेत्र की मुनव्वरपुर चौकी के आसपास किए गए औचक निरीक्षण के दौरान अवैध खनन और खनिज परिवहन में लगे 6 डंपरों को पकड़कर सीज कर दिया गया। जांच में कई वाहन ओवरलोड पाए गए, जबकि कुछ वाहनों के दस्तावेजों में अनियमितताएं मिलीं। कई डंपरों की नंबर प्लेट भी नियमों के अनुरूप नहीं पाई गई।

प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कुल 2 लाख 64 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 5 डंपर चालकों के खिलाफ देहात थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम अब इस पूरे अवैध खनन नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।

जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि अवैध खनन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल जिला प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जा सके।