चित्रकूट: जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी (पुस्तकालय) और कंप्यूटर सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था एवं वैधानिक संचालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अवैध और नियमों के विरुद्ध संचालित संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
तहसीलवार विशेष जांच समितियों का होगा गठन
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सचिव, विकास प्राधिकरण की अध्यक्षता में तहसील स्तर पर विशेष जांच समितियों का गठन किया जाए। इन समितियों में संबंधित उप जिलाधिकारी (SDM), क्षेत्राधिकारी (CO), अग्निशमन विभाग, विद्युत सुरक्षा विभाग तथा जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को सदस्य बनाया जाएगा।ये समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्रों का व्यापक निरीक्षण करेंगी तथा सुरक्षा मानकों, पंजीकरण और वैधानिक व्यवस्थाओं की जांच कर रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेंगी।
केवल 8 कोचिंग संस्थान ही पाए गए पंजीकृत
बैठक के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने जानकारी दी कि जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों की समीक्षा के दौरान अब तक केवल 8 कोचिंग संस्थान ही नियमानुसार पंजीकृत पाए गए हैं।इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि कोई अपंजीकृत कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी या कंप्यूटर संस्थान संचालित मिलता है अथवा सुरक्षा एवं संचालन संबंधी मानकों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ यूपी कोचिंग रेगुलेशन एक्ट-2024 के तहत कठोर दंडात्मक एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने स्पष्ट कहा कि छात्रों की सुरक्षा, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान को अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, भवन मानकों और अन्य निर्धारित नियमों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जो संस्थान नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) स्वप्निल कुमार यादव, मुख्य अग्निशमन अधिकारी यदुनाथ सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
चित्रकूट में कोचिंग संस्थानों की होगी व्यापक जांच
जिला प्रशासन की इस पहल को छात्रों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आगामी दिनों में जनपद के सभी कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी और कंप्यूटर संस्थानों की जांच के बाद कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






