Home Breaking News लखनऊ हादसे के बाद जागा प्रशासन, अलीगढ़ की कोचिंग एकेडमी पर जांच...

लखनऊ हादसे के बाद जागा प्रशासन, अलीगढ़ की कोचिंग एकेडमी पर जांच की आंच

43
0

लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अलीगढ़ जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर शहर के कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों की व्यापक जांच शुरू कर दी गई है।

इसी क्रम में रामघाट रोड स्थित कुमार प्लाजा की चौथी मंजिल पर संचालित प्रतिष्ठा IAS-PCS एकेडमी प्रशासन के रडार पर आ गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि एकेडमी तक पहुंचने के लिए करीब दो फीट चौड़े संकरे मार्ग का उपयोग करना पड़ता है, जो किसी भी आपात स्थिति में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। साथ ही फायर सेफ्टी से जुड़े आवश्यक मानकों के पालन पर भी सवाल उठ रहे हैं।

जांच के लिए पहुंची प्रशासनिक टीम को एकेडमी पर ताला लटका मिला, जबकि संचालक मौके से अनुपस्थित पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने ADA, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर दो दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है। यदि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित संस्थान के खिलाफ प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।