गोंडा। कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट में उन्हें खुलेआम गोली मारने की धमकी दी गई, जिससे उनके समर्थकों और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, शंकर दत्त शुक्ला नाम के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट में लिखा गया, “खुल्लमखुल्ला दागेंगे, सिस्टम ऐसे नहीं चलता।” बताया जा रहा है कि संबंधित फेसबुक प्रोफाइल पर पता अयोध्या का दर्ज है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी राजस्थान के एक विक्षिप्त युवक द्वारा पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके विधायक पुत्र को जान से मारने की धमकी दी गई थी। उस मामले में विधायक प्रतिनिधि की तहरीर पर गोंडा नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
ताजा मामले में पूर्व सांसद के निजी सचिव संजीव सिंह ने पुलिस से शिकायत की है। शिकायत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और धमकी देने वाले फेसबुक अकाउंट की सत्यता व उसके संचालक की पहचान की जा रही है।






