Home Political news मोहम्मदाबाद में अंसारी परिवार को चुनौती देने की तैयारी? अतुल राय के...

मोहम्मदाबाद में अंसारी परिवार को चुनौती देने की तैयारी? अतुल राय के बयान से तेज हुई सियासी चर्चा

42
0

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच बसपा के पूर्व सांसद और घोसी से पूर्व विधायक रहे अतुल राय ने चुनाव को लेकर बड़ा बयान देकर सियासी हलचल बढ़ा दी है।

अतुल राय ने साफ किया कि वह वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव स्वयं नहीं लड़ेंगे। हालांकि उन्होंने संकेत दिए कि उनके परिवार का कोई सदस्य चुनावी मैदान में उतर सकता है। जब उनसे संभावित सीटों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मोहम्मदाबाद और जमानिया विधानसभा सीटों का नाम लिया। जमानिया सीट पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश सिंह वर्तमान विधायक हैं। उल्लेखनीय है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में अतुल राय बसपा के टिकट पर इसी सीट से चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

वहीं, मोहम्मदाबाद सीट पर समाजवादी पार्टी के विधायक मन्नू अंसारी हैं, जो सांसद अफजाल अंसारी के बड़े भाई शिबकतुल्लाह अंसारी के पुत्र हैं। ऐसे में अतुल राय द्वारा इन दोनों सीटों का नाम लेने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या वह अपने परिवार के जरिए जमानिया में ओमप्रकाश सिंह और मोहम्मदाबाद में अंसारी परिवार को चुनौती देने की रणनीति बना रहे हैं।

बसपा की स्थिति पर बोलते हुए अतुल राय ने दावा किया कि पार्टी का पारंपरिक कैडर वोट और सर्वसमाज का समर्थन, जो 2017 से 2024 के बीच विभिन्न कारणों से बंट गया था, अब दोबारा बसपा के साथ लौट रहा है। उन्होंने कहा, “कुछ समय पहले बहन मायावती की रैली में इसका स्पष्ट नजारा देखने को मिला। उस रैली में केवल कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था, फिर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इससे साफ है कि बसपा का जनाधार फिर मजबूत हो रहा है।”

अतुल राय ने विश्वास जताते हुए कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनेगी।

प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी हैं और सभी राजनीतिक दल संभावित उम्मीदवारों व सीटों को लेकर मंथन में जुटे हैं। ऐसे समय में अतुल राय का यह बयान पूर्वांचल की राजनीति, खासकर जमानिया और मोहम्मदाबाद सीटों पर सियासी समीकरणों को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है।