गोरखपुर। मुख्यमंत्री शनिवार को गोरखपुर के गुलरिहा स्थित एक रिजॉर्ट में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत भाजपा महानगर प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘दल से पहले देश’ और ‘व्यक्ति से पहले समाज’ की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। और कहा कि भारतीय जनता पार्टी की यात्रा सत्ता प्राप्त करने की नहीं, बल्कि सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि और राष्ट्रसेवा की यात्रा है। उन्होंने कहा कि 1985 में मात्र दो लोकसभा सीटों से शुरुआत करने वाली भाजपा आज केंद्र सहित 21 राज्यों में सरकार चलाने वाला दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक दल बन चुकी है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश को मजबूत आंतरिक और बाहरी सुरक्षा का मॉडल दिया है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे निर्णायक कदम उठाए। कश्मीर में आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ, पूर्वोत्तर में उग्रवाद कम हुआ और नक्सलवाद भी सीमित क्षेत्रों तक सिमट गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के कारण ही देश और प्रदेश में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, रोपवे, लॉजिस्टिक्स और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं को गति मिली है। उन्होंने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ही तेज विकास की आधारशिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों लोगों को आवास, शौचालय, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन, नल से जल और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ मिला है। इससे लाखों परिवार गरीबी से बाहर निकलकर विकास की मुख्यधारा से जुड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की सांस्कृतिक विरासत को भी नया सम्मान दिया है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, विंध्य धाम के विकास और दिव्य-भव्य महाकुंभ का आयोजन इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों की सोच और देश की पहचान दोनों को बदलने का काम किया है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और डॉ. मुरली मनोहर जोशी के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि भाजपा की ताकत उसके संस्थापकों के आदर्श और राष्ट्र प्रथम की भावना है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं गोरखपुर के विकास कार्यों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन कर उसका अवलोकन भी किया।






