उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में ट्याला अंडरपास के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक झटके में परिवार उजड़ गया। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर मौत हो गई जबकि पत्नी और पांच वर्षीय बेटा की गंभीर रुप से घायल हुए है।
ट्याला अंडरपास के पास भीषण सड़क हादसा
ये हादसा शनिवार सुबह 5:30 बजे हापुड़ देहात क्षेत्र में ट्याला अंडरपास से ततारपुर की ओर जाने वाले हाईवे पर हुआ। पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के बम्हेटा निवासी विनोद उर्फ बबली (35) पत्नी शालू (30) बेटा वरुण (7) और छोटा बेटा प्रियांश (5) के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पीछे से आ रही स्विफ्ट कार भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार परिवार दूर जा कर गिरे और गंभीर रुप से घायल हो गए।
अस्पताल में पिता और बेटे ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही हापुड़ देहात थाना प्रभारी पारस मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सात वर्षीय वरुण को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रुप से घायल विनोद को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, वहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
पत्नी और छोटे बेटे का इलाज जारी
हादसे में घायल शालू और 5 वर्षीय प्रियांश की पांची स्थित मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहाहै। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल पहुंच गए हैं, जिसके बाद वहां शोक का माहौल बन गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने पिता-पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।






