Home Breaking News जौनपुर कपड़ा शोरूम में लगी भीषण आग, घंटों की मशक्कत के बाद...

जौनपुर कपड़ा शोरूम में लगी भीषण आग, घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

25
0

जौनपुर शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित जोगियापुर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेम गाढ़ा वस्त्रालय में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। देखते ही देखते आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा कपड़ा, रजाई, गद्दे समेत बड़ी मात्रा में वस्त्र सामग्री जलकर राख हो गई।

आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की एक दर्जन से अधिक गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। संकरी गलियों के कारण दमकल कर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आग बुझाने के लिए शोरूम से करीब 100 मीटर दूर बह रही गोमती नदी से भी पानी की आपूर्ति की गई। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर लगभग 80 से 90 प्रतिशत तक काबू पा लिया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और पुलिस अधीक्षक समेत प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों का भारी अमला मौके पर पहुंच गया। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने से आसपास के इलाके में जाम की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने क्षेत्र को खाली कराकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील भी की।