पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ₹1 लाख का इनामी बदमाश सरबजीत उर्फ शिवम मारा गया। इस दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक उपनिरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी घायल हो गए। दोनों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात एसओजी और बिलसंडा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बंडा रोड की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो सिद्ध बाबा मार्ग के पास बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में एसओजी के उपनिरीक्षक उमेश त्यागी और बिलसंडा थाने के मुख्य आरक्षी हरेंद्र सिंह घायल हो गए। वहीं थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को पहले सीएचसी बिलसंडा और बाद में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान सरबजीत उर्फ शिवम, पुत्र बरातीलाल, निवासी नई बस्ती मोहनपुर ग्रंट, थाना उचौलिया, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई। उसके खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस के मुताबिक, 28 मई 2026 को बिलसंडा के बमरौली तिराहे पर हुए चर्चित पप्पू गुप्ता हत्याकांड में भी सरबजीत मुख्य आरोपी था। इस मामले में उस पर ₹1 लाख का इनाम घोषित किया गया था। अब तक इस हत्याकांड में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .315 बोर सीएमपी, भारी मात्रा में कारतूस और बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।






