Home Uncategorized बांदा में सपा  के सांसद और विधायक के बीच तीखी नोकझोंक वीडियो हुआ...

बांदा में सपा  के सांसद और विधायक के बीच तीखी नोकझोंक वीडियो हुआ वायरल

43
0

उत्तर प्रदेश के बांदा में समाजवादी पार्टी की अंदरूनी खींचतान अब सार्वजनिक मंच पर दिखाई दी। छत्रपति शाहूजी महाराज जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सपा कार्यालय में सांसद कृष्णा देवी पटेल और बबेरू से विधायक विशंभर सिंह यादव के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में मंच पर मौजूद दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांसद कृष्णा देवी पटेल के संबोधन के दौरान किसी बात को लेकर विधायक विशंभर सिंह यादव ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। कुछ समय के लिए माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने-सामने आ गए। हालांकि, मौके पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।

घटना के बाद सांसद कृष्णा देवी पटेल ने आरोप लगाया कि उनके साथ हो रहे व्यवहार के पीछे विधायक विशंभर सिंह यादव की भूमिका है। वहीं विधायक विशंभर सिंह यादव ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बातचीत मर्यादा और तमीज के साथ होनी चाहिए।

इस बीच सांसद के पति शिव शंकर पटेल ने भी विधायक पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पूरे प्रकरण की शिकायत समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से की जाएगी।

फिलहाल इस घटना ने बांदा में समाजवादी पार्टी की अंदरूनी राजनीति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सामने आई यह गुटबाजी पार्टी संगठन के लिए चुनौती बन सकती है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।