Home Political news महोबा में सील कोचिंग सेंटर खुलवाने के लिए आगे आए BJP विधायक...

महोबा में सील कोचिंग सेंटर खुलवाने के लिए आगे आए BJP विधायक बृजभूषण राजपूत, 24 घंटे में खोलने के निर्देश

48
0

यूपी की राजधानी लखनऊ में अग्निकांड के बाद जारी सख्त सरकारी निर्देशों के तहत महोबा में भी सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले कई कोचिंग संस्थानों को जिला प्रशासन ने सील कर दिया था। इस कार्रवाई से हजारों छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने लगी। अब चरखारी से बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत ने इन कोचिंग सेंटरों को दोबारा शुरू कराने की पहल की है।

ALSO READ ‘मुझे लठ लेकर ना बैठना पड़े… मुजफ्फरनगर में बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर पर भड़के यूपी के मंत्री अनिल कुमार

दरअसल, जिला प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर उन कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई की थी, जो निर्धारित सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों का पालन नहीं कर रहे थे। अचानक हुई इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में चिंता बढ़ गई, वहीं छात्रों की पढ़ाई भी बीच में रुक गई। समस्या से परेशान कोचिंग संचालक चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत से मिले और अपनी परेशानियां बताईं। छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विधायक ने शहर के एक निजी गेस्ट हाउस में सदर एसडीएम शिवध्यान पांडे और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) के साथ बैठक की। बैठक के दौरान विधायक ने अधिकारियों से कहा कि छात्रों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सील किए गए कोचिंग संस्थानों को 24 घंटे के भीतर दोबारा खोलने की प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही संचालकों को सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों को पूरा करने के लिए एक महीने का समय दिया जाए। इसके अलावा विधायक ने प्रशासन को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि कोचिंग संचालकों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े और छात्र जल्द अपनी पढ़ाई दोबारा शुरू कर सकें।