Home Sports News आयरलैंड ने रचा इतिहास, दूसरे टी20 में भारत को 1 रन से...

आयरलैंड ने रचा इतिहास, दूसरे टी20 में भारत को 1 रन से हराकर 2-0 से सीरीज जीती

36
0

आयरलैंड ने भारतीय टीम को दूसरे टी20 मुकाबले में रोमांचक अंदाज में 1 रन से हराकर दो मैचों की टी20 सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। लगातार 16 टी20 सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम को पहली बार किसी द्विपक्षीय टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही आयरलैंड ने इतिहास रचते हुए पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के खिलाफ कोई सीरीज जीती और क्लीन स्वीप भी किया। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 154 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 153 रन ही बना सकी और मुकाबला एक रन से गंवा बैठी। कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में यह भारत की पहली टी20 सीरीज थी, लेकिन टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी।

155 रनों के आसान दिखने वाले लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। दोनों सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। दोनों को जय मूंदरा ने पवेलियन भेजा। इसके बाद ईशान किशन 12 रन बनाकर रन आउट हो गए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 10 रन बनाकर आउट हो गए। पावरप्ले के भीतर ही भारत ने 35 रन पर चार विकेट गंवा दिए, जिससे टीम दबाव में आ गई। शुरुआती झटकों के बाद अक्षर पटेल को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा गया, लेकिन वह 18 गेंदों में बिना कोई चौका या छक्का लगाए सिर्फ 14 रन ही बना सके।

दूसरे छोर पर तिलक वर्मा ने संघर्ष करते हुए अर्धशतक लगाया, लेकिन उनकी 46 गेंदों में 55 रन की पारी टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकी। इस दौरान उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया।

शिवम दुबे ने 16 गेंदों में 20 रन बनाए, लेकिन बढ़ते रन रेट के दबाव में वह भी अपना विकेट गंवा बैठे। डेब्यू मैच खेल रहे सूर्यांश शेडगे गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी में भी प्रभाव नहीं छोड़ सके और सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। आखिरी दो ओवर में भारत को जीत के लिए 34 रन चाहिए थे। 19वें ओवर में हर्षित राणा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए एक चौका और एक छक्का लगाया, जिससे भारत ने 14 रन बटोरे।

अंतिम ओवर में जीत के लिए 20 रन चाहिए थे। कप्तान ने गेंद पार्ट-टाइम स्पिनर हैरी टेक्टर को सौंपी। ओवर की शुरुआत वाइड से हुई। इसके बाद नो-बॉल पर मिली फुलटॉस गेंद पर हर्षित राणा केवल दो रन ही बना सके। फ्री-हिट पर उन्होंने चौका लगाया, जिससे मुकाबला रोमांचक हो गया। आखिरी दो गेंदों पर भारत को 8 रन की जरूरत थी, लेकिन हर्षित राणा 10 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गए। अंतिम गेंद पर प्रिंस यादव ने छक्का जरूर लगाया, लेकिन भारत लक्ष्य से एक रन पीछे रह गया।

इस जीत के साथ आयरलैंड ने न सिर्फ भारत को 2-0 से क्लीन स्वीप किया, बल्कि पहली बार किसी भी प्रारूप में भारत के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज जीतने का गौरव भी हासिल किया। दूसरी ओर, भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी सीरीज में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी और लगातार 16 टी20 सीरीज जीतने का सिलसिला भी थम गया।