Home Breaking News बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह की पुश्तैनी हवेली को लेकर परिवार मे विवाद

बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह की पुश्तैनी हवेली को लेकर परिवार मे विवाद

35
0

अलीगढ़। बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अलीगढ़ स्थित पुश्तैनी संपत्ति को लेकर चर्चा में हैं। जलालपुर क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक ‘द हवेली जलालपुर स्टेट 1855’ और उससे जुड़ी करोड़ों रुपये की जमीन को लेकर परिवार के भीतर विवाद गहराता जा रहा है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, जबकि मामला स्थानीय न्यायालय में विचाराधीन है।

अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह और उनके भाई अभिमन्यु सिंह का आरोप है कि जुलाई 2022 में उनके पिता, पूर्व विधायक एवं सेना अधिकारी स्वर्गीय कैप्टन बलदेव सिंह के निधन के बाद कुछ रिश्तेदारों ने कथित फर्जीवाड़े के जरिए पुश्तैनी संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची। उनका दावा है कि उन्हें अपनी ही पुश्तैनी हवेली में प्रवेश तक नहीं करने दिया जा रहा है।

वहीं, दूसरी ओर अभिनेता की चाची गायत्री देवी ने भी चंद्रचूड़ सिंह और उनके परिवार पर जबरन कब्जा करने तथा उन्हें संपत्ति से बेदखल करने का आरोप लगाया है। ऐसे में दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

न्याय की मांग को लेकर चंद्रचूड़ सिंह अपनी मां और भाई के साथ कई बार अलीगढ़ के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर चुके हैं। प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। इस बीच संपत्ति विवाद का मामला स्थानीय न्यायालय में भी विचाराधीन है।